बलरामपुर। जिले के सात क्रय केंद्रों पर 22 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी। सातों क्रय केंद्रों के प्रभारियों को किसानों से गेहूं खरीदने का निर्देश दिया गया है। गेहूं खरीद की हकीकत परखने के लिए गुरुवार को डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी ने मंडी समिति बलरामपुर और तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया और केंद्र प्रभारियों को गेहूं खरीद के संबंध में दिशा निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2021-22 में जिले के 54 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीदारी की गई। एक अप्रैल से 15 जून तक 38 हजार मिट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। जिले के 45 क्रय केंद्रों पर ई पाप मशीनों से गेहूं की खरीद की गई। ई पाप मशीनों ने गेहूं की खरीद होने से बिचौलियों पर शिकंजा कसने में सफलता मिली। जिला प्रबंधक पीसीएफ ने डीएम श्रुति का अवगत कराया है कि खरीदे गए गेहूं से गोदाम पूरी तरह से भर चुका है।
भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में क्षमता से अधिक भंडारण के कारण गेहूं का उतार धीमी गति से हो रहा है। मानसूनी बारिश शुरू होने से गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है। क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसएस देवीपाटन मंडल गोंडा ने जिले के सभी क्रय केंद्रों का काटा शून्य करने का अनुरोध किया है। उपभोक्ता सहकारी संघ गोंडा की तरफ से 15 जून के बाद गेहूं की खरीद न करने का अनुरोध किया है।
मंडी परिसर बलरामपुर में दो खाद्य विभाग व एक मंडी समिति के तीन क्रय केंद्र, मंडी परिसर तुलसीपुर में खाद्य विभाग व पीसीएफ के एक-एक क्रय केंद्र और मंडी परिषद, पचपेड़वा में खाद्य विभाग के दो क्रय केंद्र 22 जून तक संचालित किए जाएंगे। छूटे हुए किसान इन क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकेंगे।