लखनऊ। आवागमन की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से वेलनेस सिटी योजना को ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। ऐसे में यहां चार नई सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें से एक सड़क का निर्माण शुरू भी हो गया है। शुक्रवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष ने कार्य का निरीक्षण भी किया। इन सड़कों के बनने से करीब दस लाख की आबादी को फायदा होगा।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर रोड और किसान पथ के मध्य 485 हेक्टेयर में वेलनेस सिटी योजना विकसित की जा रही है। इस योजना को ग्रीन कॉरिडोर के चौथे फेज से जोड़ा जाएगा। इससे आवागमन आसान होगा। इसके लिए शहीद पथ से किसान पथ के बीच 6.5 किलोमीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर आकार लेने लगा है। यह कॉरिडोर वेलनेस सिटी को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से 0.5 किलोमीटर की दूरी पर जोड़ेगा। बारिश से पहले मिट्टी भराई का कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। वेलनेस सिटी से जिन चार मुख्य मार्गों को ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा, उनमें सुल्तानपुर रोड से ग्रीन कॉरिडोर को जोड़ने के लिए 1800 मीटर लंबी फोर-लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह सड़क आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर के बीच बन रही है। इस सड़क के बनने से गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा।