गुडंबा। जानकीपुरम विस्तार में रविवार को काम के दौरान वेल्डिंग मैकेनिक मो. कैफ (20) करंट लगने से छत से नीचे गिर गया। आननफानन सहयोगी उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद विसरा जांच के लिए रखा गया है।
इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मड़ियांव गांव निवासी मो. जब्बार का बेटा मो. कैफ वेल्डिंग का काम करता था। रविवार को वह जानकीपुरम विस्तार में काम कर रहा था। तभी करंट का झटका लगने से वह छत से नीचे सड़क पर आ गिरा। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। वह पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समझाने पर वे मान गए। कैफ के परिवार में मां किस्मतुल, भाई अमान (14) व एक बहन है।