सरोजनीनगर। दिल्ली में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम खराब होने से विमान संचालन प्रभावित हुआ। इस कारण श्रीनगर से दोपहर 2:10 बजे दिल्ली पहुंचने वाली एयर इंडिया की उड़ान (एआई-1848) को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया। विमान में 164 यात्री और सात क्रू मेंबर थे।
दोपहर 3:30 बजे लखनऊ पहुंचा विमान करीब घंटे भर चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर खड़ा रहा, जहां यात्रियों की आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा गया। बाद में दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर विमान को शाम 4:30 बजे वहां के लिए रवाना कर दिया गया।