फाल्गुन माह अभी आधा बाकी है और अभी से धूप चैत्र माह की याद दिला रही है। राजधानी में चार वर्ष बाद 11 मार्च को पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इसके पहले 2021 में 11 मार्च को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। मौसम विभाग की माने तो मार्च के अंत तक गर्म हवाओं से लू का अहसास भी होने लगेगा।
होली तक राजधानी में तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार से पछुआ हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान का धीरे-धीरे बढ़ना जारी रहेगा।
मंगलवार को लखनऊ के छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से कुकरैल, गोमतीनगर और बीबीएयू की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में देखने को मिली। वहीं अलीगंज, लालबाग और तालकटोरा की हवा नारंगी यानी स्वास्थ्य के लिए खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
कुकरैल - 111 - पीला- मध्यम
गोमतीनगर- 196 - पीला- मध्यम
बीबीएयू- 160 - पीला- मध्यम
अलीगंज- 264 - नारंगी- खराब
लालबाग- 208 - नारंगी- खराब
तालकटोरा - 207 - नारंगी- खराब