पिछले हफ्ते तूफान से तबाही का मंजर देख चुके आगरा के लोगों की आंखों में इतना खौफ है कि रविवार को करीब 15 मिनट की हल्की आंधी में ही दहशत में आ गए। दोपहर करीब पौने चार बजे शुरू हुई आंधी ने लोगों को डरा दिया। हालांकि इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। एत्मादपुर, खंदौली समेत कुछ इलाकों में बारिश हुई। एत्मादपुर में ओले भी गिरे। मथुरा में भी ओले पड़े।
प्रदेश में तीन मौतें
आंधी के दौरान बांदा में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई जबकि फतेहपुर में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, मैनपुरी जिले के बरनाहल क्षेत्र आंधी के दौरान पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर इकहरा निवासी बालिका की मौत हो गई। फिरोजाबाद में आंधी-तूफान से चार लोगों के घायल होने की खबर है।
प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में आर्थिक सहायता देने का निर्देश
लखनऊ। राहत आयुक्त संजय कुमार ने रविवार को आपदा प्रभावित जिलों के डीएम से बात कर तत्काल राहत का काम शुरू कराने और 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता दिलाने का निर्देश दिया है।