मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका-चीन ट्रेड वार का सबसे बड़ा फायदा भारत को और फिर यूपी को होने वाला है। इसका लाभ उठाने की पूरी तैयारी है। कॉर्पोरेट टैक्स कम होने से चीन से पलायन करने वाली कंपनियां भारत और फिर यूपी में आएंगी। इसके लिए प्रतिस्पर्धी नीतियां बनाई गई हैं। यूपी में सबसे अच्छी कनेक्टिविटी, मैनपॉवर और लैंड बैंक है। कोरिया के निवेशकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 50-60 हजार करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई है।
एक वर्ष में एक लाख नई सरकारी नौकरियां देगी सरकार, प्रक्रिया जल्द शुरू
योगी ने कहा कि सरकार एक वर्ष के भीतर एक लाख युवाओं को नौकरियां देगी। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। यह एक लाख पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया से अलग है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई साल में 2.25 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। अगले एक साल में दो लाख से अधिक नौकरियां दी जाएंगी। इनमें से एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र अगले तीन से पांच महीने में मिल जाएंगे। एक लाख रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
गन्ना और आलू के अत्यधिक उत्पादन और इनसे जुड़े किसानों को पर्याप्त लाभ न मिल पाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो-तीन वर्षों में गन्ना किसानों की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। यूपी ने गन्ने से एथेनॉल बनाने की शुरुआत कर दी गई है। यूपी ऐसा करने वाला पहला राज्य है। प्रदेश के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दी है। अब जितनी चीनी की जरूरत होगी, उतनी ही बनाएंगे। बाकी से एथेनॉल बनेगा। इससे शुगर इंडस्ट्री व किसानों की अकेले चीनी के दामों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी और गन्ना उत्पादकों को अच्छा दाम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जब वे सत्ता में आए 2011 तक का गन्ना मूल्य बकाया था। इस समय केवल चालू सीजन का 5000 करोड़ बाकी है। यह भुगतान भी नए पेराई सत्र के पहले करा दिया जाएगा। इसी तरह आलू किसानों की समस्या के समाधान के लिए कन्नौज व आसपास चिप्स बनाने की यूनिट लगवाई जाएंगी। सरकार चिप्स वाले आलू के बीज किसानों को देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की एजेंसियों ने सत्यापन के बाद यूपी को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह सत्ता में आए थे तब केवल 43 लाख शौचालय बने थे। 2.61 करोड़ शौचालय बनाए जाने बाकी थे। लोग कहते थे कि दो वर्ष में यह लक्ष्य पूरा कैसे होगा? इसके लिए रणनीति बनाई गई। एक लाख राज मिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया। आज नतीजा सामने है।
आंगनबाड़ी केंद्र व राशन की दुकान पर देंगे मक्के का आटा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने गेहूं व धान के अलावा मक्का की भी खरीद शुरू की है। इस वर्ष 1780 रुपये प्रति क्विंटल मक्का सरकार खरीदेगी। आने वाले दिनों में मक्के का आटा आंगनबाड़ी केंद्रों के पुष्टाहार व राशन की दुकान पर मिलने वाले अनाज में दिया जाएगा। राशन की दुकान पर प्रति लाभार्थी एक किलोग्राम मक्के का आटा शामिल किया जाएगा।
बेटियों को सौगात, दीपावली से पहले कन्या सुमंगला योजना होगी लॉन्च
जन्म से बेटियों की उच्च शिक्षा की पढ़ाई तक चरणबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता देने वाली कन्या सुमंगला योजना दीवाली से पहले लॉन्च की जाएगी। इस योजना में बालिका के जन्म पर 2000 रुपये, एक वर्ष के टीकाकरण पर 1000 रुपये, कक्षा एक और छह में प्रवेश के बाद दो-दो हजार रुपये, कक्षा नौ में प्रवेश के पर 3000 रुपये तथा 12 वीं उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक या दो वर्ष अथवा इससे अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के बाद 5000 रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को कई नई सौगात मिलेंगी। दीपावली पर दीपोत्सव से पहले राम की पैड़ी पर सरयू की अविरल धारा का प्रवाह शुरू हो जाएगा। अयोध्या में इंटरनेशनल स्टेडियम, एक इनडोर स्टेडियम, एयरपोर्ट और एक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड बनेगा। इसके लिए संस्कृति विभाग की जमीन परिवहन निगम को दी जाएगी।
इसमें नीचे बस स्टैंड, विभाग के कर्मियों के ठहरने व पार्किंग की सुविधा और ऊपर रेस्टोरेंट, होटल और शापिंग कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। अयोध्या में 12 लोग होटल बनाने को आगे आए हैं। यहां जो म्यूजियम बन रहा है, वह लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा। तुलसी की माला की स्थानीय स्तर पर उपलब्धता के लिए विशेष योजना तैयार कराने का संकेत दिया।
दिसंबर में तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी, 65 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में प्रदेश ने पिछले दो वर्ष में दो लाख करोड़ का निवेश हुआ है। 65 हजार करोड़ के निवेश प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। सरकार बरसात बाद दिसंबर में तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी-3) करने की तैयारी में है। डिफेंस कॉरिडोर में बड़ा निवेश होने जा रहा है। मनरेगा में 26 करोड़ मानव श्रम दिवस का अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। पहले 14 करोड़ ही इसका अवसर पा रहे थे।