समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि सपा राष्ट्रीय अधिवेशन में सरकारी धन व मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि पार्क में जनेश्वर मिश्र की 25 फुट ऊंची जो मूर्ति लगवाई जा रही है, वह पार्टी व ट्रस्ट के पैसों की है। सपा हमेशा से मूर्तियां लगवाने में सरकारी धन के खर्च का विरोध करती आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी सपा लखनऊ में अपने राष्ट्रीय अधिवेशन कर चुकी है। इस बार चूंकि सपा की सरकार है, इसलिए विरोधियों को ज्यादा तकलीफ हो रही है, लेकिन यह पूरा आयोजन पार्टी व ट्रस्ट के पैसों से हो रहा है।
इसमें सरकारी पैसों व मशीनरी का कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा।
दिखाई जाएगी मुलायम पर बनी डॉक्यूमेंट्री
सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में जहां भव्यता का ध्यान रखा गया है तो इस बात का भी खयाल रखा गया है कि यह लोगों के दिमाग में समाजवादी विचारधारा की पहचान बनाने में सफल रहे। यह शायद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व का ही असर है कि व्यवस्थाओं में अत्याधुनिक तकनीक का काफी इस्तेमाल किया गया है।
जनेश्वर मिश्र पार्क में कृत्रिम झील के किनारे होने वाले इस अधिवेशन के लिए विशालकाय वाटर प्रूफ और फायर प्रूफ पंडाल बनाया गया है। मुख्य पंडाल में 10 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसमें 40 गुणा 60 फुट का भव्य मंच बनाया गया है।
भोजन के लिए 500 गुणा 100 फुट का एक पंडाल अलग से बनाया गया है। खान-पान की व्यवस्था सम्मेलन स्थल पर ही की गई है। इस दौरान प्रतिनिधियों को कई प्रांतों के व्यंजन परोसे जाएंगे।
अधिवेशन के पहले दिन बुधवार को प्रतिनिधियों को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक सफर पर एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। आशीष यादव उर्फ सोनू ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की देखरेख में यह डॉक्यूमेंट्री बनाई है।
इस तरह के किए गए इंतजाम
अधिवेशन की कार्यवाही प्रतिनिधियों को अच्छी तरह से दिखाने के लिए बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीनें लगाई गई हैं। प्रतिनिधियों को मंच की कार्यवाही ठीक से सुनाई दे, इसके लिए 40,000 वाट का साउंड सिस्टम लगाया गया है। साथ ही 24 बड़े स्पीकर और 93 छोटे स्पीकर जगह-जगह लगाए गए हैं।
जंक्शन से हवाई अड्डे तक स्वागत केंद्र: अधिवेशन में आने वाले प्रतिनिधियों को शहर के कई होटलों व गेस्ट हाउस में ठहराया गया है। उनकी सुविधा के मद्देनजर लखनऊ जंक्शन, आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डा तथा चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं।
अत्याधुनिक मीडिया सेंटर: अधिवेशन की कवरेज करने वाले पत्रकार खबरों को तेजी से अपने हेडक्वार्टर भेज सकें, इसके जनेश्वर मिश्र पार्क में ही अत्याधुनिक हाईटेक मीडिया सेंटर बनाया गया है।
अधिवेशन की कार्यवाही के इंटरनेट पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। एक आईटी सेंटर भी बनाया गया है, जहां से पार्टी नेताओं के भाषणों के प्रमुख बिंदुओं को तत्काल फेसबुक, ट्विटर और समाजवादी पार्टी की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।