मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ब्रिटेन के दौरे में वहां की संसद, बकिंघम पैलेस, लार्ड्स का मैदान, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और हाइड पार्क, खेत व गांवों को देखा। सीएम ने कहा कि हम पश्चिम की हूबहू नकल नहीं कर सकते। हमें भारतीय समाज व्यवस्था के अनुकूल अपनी नीतियां बनानी होंगी।
मुख्यमंत्री के साथ पांच दिन की विदेश दौरे पर गए राजनीतिक पेंशन मंत्री एवं सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बुधवार को बताया कि 22 से 27 जुलाई तक ब्रिटेन की यात्रा स्मरणीय रही।
जहां वे संसद और शाही बकिंघम पैलेस देखने गए, वहीं महान साहित्यकार शेक्सपीयर के गांव, क्रिकेट का लार्ड्स मैदान, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और हाइड पार्क जैसे स्थलों पर भी गए।
लगता नहीं, किसानों की बस्तियां हैं
उन्होंने बताया कि भारत के गांवों से भिन्न ब्रिटिश गांवों का रहन-सहन, उनके आवास और पशुबाड़े देखकर लगता ही नहीं कि ये किसानों की बस्ती है। हमारे जेहन में अपने गांवों की ही तस्वीर रहती है जहां लोग अभावों और नागरिक असुविधाओं से जूझते रहते हैं।