केंद्र और राज्य सरकार के बीच कई मामलों में भले तल्खियां हों, विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अखिलेश केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल के पक्षधर हैं। बोले, ‘मैं बनारस प्रधानमंत्री से मिलने गया था। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में विकास के लिए बेहतर माहौल बने। सपा सरकार केंद्र की विकास योजनाओं को मुकाम तक पहुंचाने में हरसंभव मदद करेगी।’
मुख्यमंत्री अखिलेश ‘मीट एट आगरा’ का उद्घाटन करने शुक्रवार को आगरा आए। होटल ताज खेमा के टीले पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बनारस में बुनकरों के लिए जमीन के विषय में लग रहे आरोपों नकारते हुए कहा कि ‘वे बताते तो सही, जो जमीन उन्हें पसंद होती वही दी जाती।’
प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार का बचाव अखिलेश अब नए ढंग से करने लगे हैं। उनका कहना है कि यूपी में अपराध दूसरे प्रदेशों के अपराधी कर रहे हैं। आगरा में सदर में बैंक डकैती और एटीएम लूटकांड का हवाला देते हुए कहा कि दोनों ही मामलों में अपराधी दूसरे प्रदेशों के निकले।
उन्होंने कहा कि मीडिया भी केवल एक पहलू दिखाती है। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बनाए जा रहे महामोर्चा के प्रश्न को मुख्यमंत्री ने टालने की कोशिश की। जब सवाल कई बार उछला तो उन्होंने यह कहकर किनारा कर लिया कि ‘मैं उस बैठक में शामिल नहीं था, इसके बारे में कुछ नहीं कह सकता।’