फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान में ही है दाऊद का स्थायी ठिकाना: राजनाथ

Sun, 23 Aug 2015 01:19 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि इस बात के पुख्ता सुबूत हैं कि माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम का स्थायी ठिकाना पाकिस्तान में ही है। केंद्र सरकार के पास दाऊद को पकड़ने की पूरी इच्छाशक्ति भी है और उसके बारे में पुख्ता जानकारी भी। पर, अभी रणनीति का खुलासा नहीं किया जा सकता। भले ही वह थोड़े-थोड़े दिनों पर अपना निवास बदलता रहे, पर है पाकिस्तान में ही।
विज्ञापन


पाकिस्तान से वार्ता की स्थिति संबंधी सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि यह पाकिस्तान को तय करना है कि उसे वार्ता करनी है या नहीं। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि बातचीत सिर्फ उससे (पाकिस्तान) ही होगी और वह भी सिर्फ आतंकवाद के मुद्दे पर। राजनाथ शनिवार को यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

पूरी तैयारी है : इस सवाल पर कि क्या भारत ने दाऊद के संबंध में पाकिस्तान को दस्तावेज सौंपे हैं? उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कहा, मैं संसद में भी दाऊद के पाकिस्तान में ही होने की बात कह चुका हूं। इस सवाल पर कि उसके पास तीन पासपोर्ट होने की जानकारी मिली है, गृहमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों के पास कई पासपोर्ट रहते हैं। उसी पर वे इधर-उधर घूमते रहते हैं।
विज्ञापन


दाऊद की नई फोटो पर यह कहते हुए टिप्पणी से इन्कार कर दिया कि वेरीफिकेशन के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जा सकता है।

इस सवाल पर कि जब अमेरिका लादेन पर इतनी दूर आकर कार्रवाई कर सकता है तो भारत दाऊद को क्यों नहीं पकड़ सकता, गृहमंत्री ने कहा कि इस तरह के मामलों में रणनीति का खुलासा नहीं किया जाता। पर, केंद्र सरकार हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठी है।
विज्ञापन

हुर्रियत को पक्षकार नहीं मानते, वार्ता पर पाक ही लेगा निर्णय

इस सवाल पर कि पाकिस्तान के रवैये को देखते हुए रविवार को दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तर की वार्ता क्या निरस्त भी हो सकती है? उन्होंने कहा कि वह किसी खबर पर कोई टिप्पणी नहीं करते। यह पाकिस्तान के रुख पर निर्भर है।

पाकिस्तान को पहले ही बता दिया गया है कि उनके एनएसए सरताज अजीज की अलगाववादियों से बातचीत भारत को किसी कीमत पर मंजूर नहीं है। हुर्रियत नेताओं को भारत पक्षकार नहीं मान सकता।

अभी पाकिस्तान का जवाब नहीं मिला
राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान को सब कुछ बता दिया गया है। भारत का रुख साफ है कि वार्ता सिर्फ उसी एजेंडे पर होगी जो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की बातचीत में तय हुआ था। वह एजेंडा है आतंकवाद।

बातचीत किसी तीसरे से नहीं होगी। भारत आतंकवाद पर बात करने को तैयार है। पाकिस्तान की तरफ से अभी कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। वार्ता करनी है या नहीं अब यह पाकिस्तान को तय करना है।

हमला हो तो गोलियों की गिनती न करना
पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रही गोलीबारी पर सिंह ने कहा कि उन्होंने बीएसएफ से कह दिया है कि पहले हमला न करना, पर हमला हो तो गोलियों की गिनती भी न करना।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें