एक दिन पहले लखनऊ में मिड डे मील में मिले दूध पीने के बाद बच्चों की तबियत बिगड़ने की खबर आई थी। अब नया मामला बच्चों को दूध के नाम पर दूधिया पानी देने का है।
यूपी के बलरामपुर जिले के परिषदीय स्कूलों के बच्चों को दूध के नाम पर सफेद पानी पिलाया गया। यह खुलासा डीएम की गठित टीम के जांच में हुआ है। कई स्कूलों में नौनिहालों को दूध न देने की रिपोर्ट भी मिली है।
जांच के दौरान टीम को स्कूलों से शिक्षक भी नदारद मिले हैं। डीएम ने बीएसए को निर्देश दिया है कि निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित हेडमास्टरों, ग्राम प्रधानों व खंड शिक्षाधिकारियों की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराएं जिससे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
डीएम प्रीति शुक्ला के निर्देश पर गत 29 जुलाई को जिले के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में एमडीएम के साथ दूध वितरण की पुष्टि करने के लिए टीमें गठित कर जांच कराई गई। एसडीएम उतरौला रामहर्ष मौर्य ने छह स्कूलों का निरीक्षण किया।