लखनऊ। स्मार्ट सिटी योजना में आने वाले जिन क्षेत्रों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति की जानी है, वहां चार साल बीतने के बाद भी टंकी शुरू नहीं हो सकी है। योजना के तहत काम पूरा हो जाता तो इस गर्मी में करीब चार लाख आबादी को बड़ी राहत मिल जाती। यह काम स्मार्ट सिटी योजना के तहत अमृत मिशन के बजट से कराया जा रहा है।
अपना शहर 2016 में स्मार्ट सिटी योजना में चुना गया था और मार्च 2022 में योजना में पैसा आना बंद हो गया था। शासन के आदेश के तहत पहले योजना के जो काम चल रहे थे, उनको पूरा करने का समय कई बार बढ़ाया जा चुका है, जिसके बाद मार्च 2025 तक कार्यों को पूरा किया जाना था, लेकिन हो नहीं पाया। ऐसे में स्मार्ट सिटी योजना के एरिया बेस्ड डेवपलमेंट (एबीडी) क्षेत्र में पेयजल योजना का काम अधूरा है। अभी जो स्थिति है उसमें न तो टंकियों को चालू करने का काम पूरा हो पाया है और न ऐशबाग जलकल से अमीनाबाद जोनल पंपिंग स्टेशन और लालबाग जोनल पंपिंग स्टेशन तक पानी की मेन राइजिंग पाइप लाइन बिछाकर कनेक्ट करने का काम पूरा हो सका है।
जानकारों का कहना है कि अभी काम की जो स्थिति है उसमें करीब छह महीने का समय लग सकता है। क्योंकि पाइप लाइन बिछाने के लिए रकाबगंज रेलवे लाइन के नीचे से पाइप लाइन गुजारनी होगी। उसके लिए रेलवे से ब्लाॅक भी लेना पड़ेगा। इसके अलावा जो पाइप लाइन बिछाई जा रही है और जो टंकियां बनाई जा रही हैं, उनकी जांच भी करनी होगी। जो भूमिगत पानी की टंकियां पानी को स्टोर करने के लिए बनाई गई हैं उनकी जांच का काम भी करना होगा।
इन इलाकों को मिलेगा फायदा
इस योजना से जिन वार्डों के निवासियों को फायदा होगा उनमें गोलागंज पीरजलील, वजीरगंज, रानी लक्ष्मी बाई, जगदीश चंद्र बोस, हजरतगंज, यदुनाथ सान्याल, अमीनाबाद व निशातगंज सहित सात वार्ड शामिल हैं। इनमेंं जो प्रमुख इलाके आते हैं उनमेंं कैसरबाग, हुसैनगंज शिवाजी मार्ग, लाटूश रोड, बर्लिंग्टन चौराहे से बाईं ओर कैंट रोड, बीएन रोड, लालबाग, नावेल्टी, भोपाल हाउस, हलवासिया, परिवर्तन चौक, हाईकोर्ट, जिलाधिकारी कार्यालय, राजस्व परिषद, रेजीडेंसी चौराहा, रीवर बैंक कालोनी व उसके पास का इलाका शामिल है।
दयानिधान पार्क की टंकी की टेस्टिंग थोड़ा पानी भरकर एक बार की जा चुकी है, लेकिन अभी ऐशबाग से आने वाली पानी की मेन फीडर लाइन से कनेक्शन नहीं है, क्योंकि फीडर लाइन को रकाबगंज, अमीनाबाद सहित कई जगहों पर मेन लाइन से जोड़ा जाना है। यह काम नहीं हो पाया है। यह काम जैसे ही पूरा होगा टंकी शुरू कर दी जाएगी। लाइन कनेक्ट करने को लेकर काम चल रहा है।
- अतहर कादरी, प्रोजेक्ट मैनेजर जल निगम