लखनऊ। लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली चंडीगढ़ एक्सप्रेस की एसी बोगी की छत टपकने से यात्रियों का सफर मुहाल हो गया। गाड़ी संख्या 12231 लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस बीती शनिवार रात चारबाग रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। सेकंड एसी बोगी ए-2 की सीट संख्या 50 के यात्री बृजेंद्र विक्रम सिंह ने शिकायत की है कि छत से पानी टपक रहा था, जिससे बेड रोल और सामान भीग गए। डीआरएम सुनील वर्मा से मामले की शिकायत की, जिस पर मरम्मत के लिए कहा गया। दूसरी ओर चारबाग स्टेशन के वेटिंग एरिया का एसी खराब होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्री मो. एल. खान ने शिकायत की कि प्लेटफार्म एक के वेटिंग एरिया में तीन में से एक ही एसी काम कर रहा है।
तीन वेंडर पकड़े गए
रेलवे के व्यावसायिक विंग ने चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्मों व ट्रेनों में अवैध वेंडरों की धरपकड़ की। अप्रमाणित पानी की बोतल बेचने पर तीन वेंडरों को धरा गया। अयोध्या एक्सप्रेस में पकड़े गए वेंडर रेलनीर की पानी की बोतल के बजाय दूसरी कंपनी की पानी की बोतल बेच रहे थे। इनके पास से मिली सौ से अधिक बोतलों को जब्त कर लिया गया।