गुडंबा। गोमती का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज के मिल्लत नगर, मामा कॉलोनी और पवन विहार में पानी घरों की दहलीज पार कर चुका है। हालात बिगड़ने पर परिवार बच्चों और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने लगे हैं। कोई नाव से सामान निकाल रहा है तो कोई घर में चोरी के डर से घुटनों तक पानी के बीच डटा है। बंधा रोड पर करीब 60 फीट तक पानी पहुंचने से परेशानी बढ़ गई है।
मिल्लत नगर निवासी धर्मेश ने बताया कि घर के चारों ओर गंदा पानी और बदबू है। पानी निकलने तक उन्होंने किराये के मकान में रहने का फैसला किया है। निगम कॉलोनी की शिखा के दो छोटे बेटे हैं। एक कक्षा तीन और दूसरा कक्षा चार में पढ़ता है। घर में पानी भरने के बाद वह दोनों बेटों को लेकर खदरा स्थित मायके चली गईं। उनका कहना है कि पानी में सांप और अन्य जीव-जंतु दिखाई दे रहे हैं।
बेटे को गांव भेजा, बेटियों के साथ किराये पर रहेंगे
मामा कॉलोनी निवासी मीनू अवस्थी ने बेटे को बाराबंकी स्थित गांव भेज दिया है। वह दोनों बेटियों के साथ किराये पर रहने जा रही हैं। उनका कहना है कि अधिकारी सिर्फ माैके का जायजा लेकर लौट जाते हैं।
सांप ने सब्जी विक्रेता को काटा
मामा कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता राम किशन गुप्ता (50) को बुधवार रात पानी में निकले सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें राहत शिविर ले गए लेकिन वह बंद मिला। बाद में शिविर के बाहर खड़ी एंबुलेंस से उन्हें बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार किया गया।
डीएम ने हालात का लिया जायजा
जिलाधिकारी विशाख जी ने बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम बनी स्थित सई नदी पुल से जलस्तर देखा। उपजिलाधिकारी अभिषेक सिंह और तहसीलदार जेपी सिंह ने बताया कि नदी का पानी फिलहाल कृषि भूमि और खेतों तक सीमित है। हालांकि, नगवा नाले का जलस्तर बढ़ने से बंथरा और रहीमनगर पड़ियाना के कुछ हिस्सों में पानी पहुंच गया है। प्रभावित परिवारों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन में राहत शिविर बनाए गए हैं। इसके बाद जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने फैजुल्लागंज का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि यहां तीन राहत शिविर, कंट्रोल रूम और 15 नावों और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। जलनिकासी के लिए पंप लगाए गए हैं।
बंथरा : उपजिलाधिकारी ने लिया जायजा
बंथरा क्षेत्र स्थित नगवा नाले में जलस्तर बढ़ने से उसकी चपेट में आई बंथरा के हमीरपुर स्थित डेस्टिनी कॉलोनी का बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने जायजा लिया। इस कॉलोनी में जलभराव से करीब 400 मकानों के लोग प्रभावित हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर जल्द पानी की निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
राहत के लिए टीमें 24 घंटे मुस्तैद
फैजुल्लागंज में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन ने राहत, सुरक्षा और स्वच्छता के इंतजाम किए हैं। नगर निगम की टीमें चौबीस घंटे क्षेत्र में तैनात रहकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं। साथ ही जरूरत के अनुसार लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए दो अस्थायी रैन बसेरे तैयार किए गए हैं। यहां ठहरने के साथ भोजन की भी व्यवस्था है। पेयजल के लिए चार टैंकर और मोबाइल शौचालय लगाए गए हैं। मच्छरों की रोकथाम के लिए ड्रोन से एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। दाउदनगर रोड पर 45 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं। क्षतिग्रस्त और असमतल सड़कों पर जीएसबी सामग्री डालकर समतलीकरण कराया गया है। राहत और बचाव के लिए नावों की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। पूर्व पार्षद जगलाल यादव ने बताया कि क्षेत्र में लोगों को खाना-पानी और नाव की व्यवस्था कराई गई है।
चार शिफ्टों में अधिकारियों की ड्यूटी
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में राहत व व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों और सुपरवाइजरों की चार शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत पड़ने पर नागरिक संबंधित अधिकारी या सुपरवाइजर से संपर्क कर सकते हैं।
सुबह 6 से दोपहर 12 बजे: राजस्व निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव (8299110775), सुपरवाइजर मुकेश (8189018208)
दोपहर 12 से शाम 6 बजे: स्वच्छता निरीक्षक सुमित मिश्रा (8810721643), सुपरवाइजर शुभम (6387179326)
शाम 6 से रात 12 बजे: स्वच्छता निरीक्षक पुष्कर सिंह पटेल (8090040329), सुपरवाइजर देवेश (8810738939)
रात 12 से सुबह 6 बजे: कनिष्ठ अभियंता विकास सिंह (8874752500), सुपरवाइजर अनूप (9305306536)
अन्य सहायता के लिए जोनल अधिकारी अजीत राय (8810726009) और नगर अभियंता, जोन-3 नजमी मुजफ्फर (8808351500) से संपर्क किया जा सकता है।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।
फैजुल्लागंज की काॅलोनी में भरा पानी।