लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए मुंशीपुलिया-खुर्रमनगर फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण नागरिकों के जीवन को संकट में डाल दिया है। पॉलिटेक्निक चौराहे से खुर्रमनगर तक बनाए गए इस फ्लाईओवर ने इंदिरानगर की संपूर्ण कॉलोनी की पानी सप्लाई और सीवर लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे न केवल जलापूर्ति बाधित हुई, बल्कि सीवर लाइन बंद होने से बारिश का पानी घरों में घुस रहा है।
बलरामपुर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर शरण ने व्यथा सुनाते हुए बताया कि पुल के नीचे का भाग पूरी तरह बंद न करने और कोई वैकल्पिक सीवर व्यवस्था न करने के कारण घर-घर में गंदा पानी भर गया है। इससे पूरे क्षेत्र में महामारी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है और नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन से तमाम बार शिकायत की गई, मगर कार्रवाई नहीं की जा रही है।