शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों से एक अपील की। उन्होंने वक्फ संपत्तियों पर अस्थायी अस्पताल बनाने की बात कही।साथ ही आमदनी वाली वक्फ संपत्तियों से गरीब परिवारों को राशन बांटने को भी कहा।
वहीं, सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसएम शुएब ने मुतवल्लियों से धार्मिक स्थलों पर भीड़ रोकने को कहा है। उन्होंने कहा कि संक्रमण रोकने को लोग घरों में ही नमाज पढ़ें।
वसीम रिजवी ने अपील में कहा कि कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए वक्फ संपत्तियों पर बने धार्मिक स्थलों, स्कूलों और मदरसों को जरूरत पड़ने पर अस्थायी अस्पताल बनवाकर लोगों की मदद करें। बोर्ड ने प्रदेश के सभी जिलों में करीब तीन हजार से ज्यादा गरीब परिवारों के मुफ्त राशन की व्यवस्था की है।
वसीम रिजवी ने 50 हजार रुपये या इससे अधिक सालाना आमदनी वाली वक्फ संपत्तियों के मुतवल्ली से 25 परिवार, एक लाख रुपये या इससे ज्यादा आमदनी वाले से 50 परिवार और 5 लाख या इससे ज्यादा आमदनी वाली संपत्ति के मुतवल्लियों से 100 गरीब परिवारों में से प्रत्येक को डेढ़ किलो दाल, चार किलो चावल, पांच किलो आटा, एक किलो नमक और एक किलो तेल मुफ्त बांटने को कहा है।