लखनऊ। शिया वक्फ बोर्ड में दर्ज कर्बला अब्बास बाग की करीब 10 बीघा खाली जमीन पर वक्फ माफिया काबिज हैं। मामला वक्फ न्यायाधिकारण में विचाराधीन होने और संपत्ति पर यथा स्थिति बरकरार रखने का आदेश के बावजूद प्लाटिंग का धंधा रुक नही रहा है। कार्रवाई न होने की वजह से प्लाटिंग के बाद आधी से ज्यादा जमीन पर इमारतें भी खड़ी हो चुकी हैं।
ठाकुरगंज स्थित कर्बला अब्बास बाग का वक्फनामा अवध के बादशाह मोहम्मद अली शाह के मंत्री रफीकुददौला सैयद इमाम अली खां ने 22 जनवरी 1845 में तैयार किया था। इसमें कर्बला की 2,07148 जिरह (वर्ग फीट में दो गुनी) और 28147 जिरह जमीन दो हिस्सों में दर्ज है। जो करीब 4,70590 वर्गफीट बनती है। कर्बला अब्बास बाग और उसके वक्फनामे के मुताबिक कुल जमीन शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के दफा 37 रजिस्टर में वक्फ नंबर 2596 पर दर्ज है। कर्बला की जमीन के बड़े हिस्से पर आरआर लॉन, डीएल लॉन सहित कई मैरिज हाल, मारुति शोरूम, मार्केट और कई व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुल चुके हैं। कर्बला के पीछे के हिस्से में करीब 10 बीघा जमीन पर वक्फ माफिया कब्जा कर प्लाटिंग का धंधा कर रहे हैं। कर्बला के प्रशासक मौलाना कल्बे जवाद नकवी के आंदोलन के दबाव में जिला प्रशासन ने 12 दिसंबर 2022 को कर्बला की जमीन की पैमाइश कर अवैध कब्जों की जांच के आदेश दिये थे। जांच के बावजूद भी कोई कार्रवाई न होने पर मौलाना जवाद ने वक्फ न्यायाधिकरण में वाद दाखिल किया था। वक्फ न्यायाधिकरण ने वक्फ बोर्ड के दफा 37 में दर्ज पूरी संपत्ति पर यथा स्थिति बनाये रखने का आदेश दिया। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद आधी से ज्यादा जमीन पर इमारतें खड़ी हो चुकी हैं।
बगैर नक्शे की इमारतों पर भी नहीं हुई कार्रवाई
मौलाना जवाद का कहना है कि पुलिस व प्रशासन से बार-बार शिकायत करने के बावजूद वक्फ माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं एलडीए से नक्शा पास कराए बगैर बड़ी-बड़ी इमारतें बनाई जा रही हैं लेकिन एलडीए कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि एलडीए से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई।
किराएदार बन गए वक्फ संपत्ति के मालिक
कर्बला अब्बास बाग के मुतवल्ली सारिम नकवी ने बताया कि रामकुमार टंडन और राजेश टंडन को वर्ष 1955 में कर्बला के पीछे 3 बीघा जमीन किराए पर दी गई थी। वहीं, वर्ष 1978 में इन लोगों को चमना फैक्ट्री लगाने के लिए 2 बीघा और 35000 वर्गफीट जमीन किराए पर दी गई। किराएदारी के कागज भी मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि रामकुमार के बेटे रचित टंडन अवैध तरीके से वहीं जमीन पर प्लाटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा कल्लू करीब 2 बीघा जमीन पर खेती करते थे। आज उनके वारिस भी इसे अपनी जमीन बता कर काबिज हैं।
19 अक्तूबर को होगी विरोध सभा
मौलाना जवाद ने बताया कि सोमवार को अवैध निर्माण का मुआएना करने के दौरान हुए हमले और अवैध कब्जों के विरोध में 19 अक्तूबर को कर्बला अब्बास बाग में दोपहर 2 बजे विरोध सभा का आयोजन किया जाएगा।
कर्बला अब्बास बाग में अवैध कब्जे कर बने मकान।
कर्बला अब्बास बाग में अवैध कब्जे कर बने मकान।