लखनऊ। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व सरकारी अस्पतालों के इमरजेंसी मेडिकल अफसर के खाली पड़े पदों पर भर्ती के लिए बुधवार को सीएमओ ऑफिस में वॉक इन इंटरव्यू होगा। इसकी तैयारी विभाग ने पूरी कर ली है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि इंटरव्यू के लिए कमेटी बनी गई है। माह के आखिर तक परिणाम जारी किया जाएगा।
सीएमओ के अधीन 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व 54 पीएचसी का संचालन हो रहा है। इनमें से 16 केंद्र कई माह से खाली पड़े हैं। डॉक्टर न होने पर मरीजों को दूसरे केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। केंद्र फार्मासिस्ट व स्टाफ नर्स के भरोसे चल रहे हैं। हालत थोड़ी सी भी गंभीर होने पर मरीजों को दूसरे अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
विभाग के जरिये खाली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग 53 डॉक्टरों की भर्ती करेगा। इसमें 16 डाॅक्टर सीएमओ के अधीन खुले केंद्रों पर तैनात किए जाएंगे। बाकी डॉक्टरों को सरकारी अस्पतालों में खाली पड़े इमरजेंसी मेडिकल अफसर व दूसरे राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत तैनात किया जाएगा।