रायबरेली। कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। ज्यादातर ट्रेनें विलंब से आ रही हैं। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस के इंतजार में सुबह से शाम हो गई। शनिवार को यह गाड़ी 10 घंटे विलंब से पहुंची। इससे यात्री परेशान हुए और ठंड में इधर-उधर टहलते रहे।
दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई। देर तक रुकी रहने के कारण पौने दो घंटे लेट हो गई। आगे जौनपुर इंटरसिटी दौड़ने के कारण पद्मावत एक्सप्रेस रुकी रही। चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल सवा दो घंटे, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई।
हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस एक घंटे, प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस पौन घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।
शुक्रवार को देर रात प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस, जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर पौने दो घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस एक घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट हुई हैं। कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनें ज्यादा प्रभावित हुई हैं।