स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की 28 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
57 जिलों में कुल एक लाख मतदाता 97 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतगणना 6 मार्च को होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण सिंघल ने बताया कि चुनाव पर नजर रखने के लिए 28 सामान्य प्रेक्षक और 11 व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अलावा 790 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं।
मतदान संपन्न कराने के लिए 271 जोनल मजिस्ट्रेट, 470 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 470 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सीआरपीएफ, पीएसी और सशस्त्र पुलिस बल को लगाया गया है।
मतदान के लिए 1055 वीडियो कैमरा, 170 डिजिटल कैमरा तथा कुछ पोलिंग बूथों पर सीसीटीवी कैमरा तथा वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
चुनाव कराने के लिए 3100 मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है तथा 729 मतदान स्थल बनाए गए हैं। बुधवार शाम तक सभी पोलिंग बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं।