महोत्सव में सैर सपाटे का मजा लेने के साथ ही अब वंचित पात्र अपना मतदाता पंजीकरण भी करा सकेंगे।
निर्वाचन विभाग ने शत प्रतिशत वोटर बनवाने के अभियान की जागरूकता के लिए महोत्सव स्थल पर एक भव्य पवेलियन का संचालन किया है।
इसका लोकार्पण शनिवार को आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष व मुख्य सचिव की पत्नी डा.फराह उस्मानी ने किया।
इस मौके पर उन्होंने आकांक्षा समिति से जुड़ी महिलाओं का आहवान किया कि वह महिला मतदाताओं के पंजीकरण को प्रोत्साहित कर उनका पंजीकरण वोटर लिस्ट में कराना सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि इसके लिए समिति द्वारा अंगीकृत गांवों में शत प्रतिशत महिला मतदाता पंजीकरण के साथ अन्य इलाकों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसमें चुनाव के दौरान महिलाओं के मतदान की हिस्सेदारी को बढ़ाने के लिए जन जागरूकता फैलाने का कार्य भी होगा।
इस अवसर पर उपस्थित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि एक जनवरी 2014 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक व युवतियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने को हर संभव स्तर पर प्रयास कराए जा रहे हैं।
जरूरत आयोग स्तर से संचालित इस अभियान को जन अभियान बना इसमें सभी वर्गों के लोगों की स्वयं इच्छा के आधार पर हिस्सेदारी की है।
उन्होंने बताया कि पात्र महिला मतदाताओं को पंजीकरण कराने के लिए कॉल इन रोल तथा फोन करें वोटर बनें की सुविधा भी टोल फ्री नंबर के माध्यम से जल्द ही शुरू की जाएगी।
प्रदेश में पहली बार नए मतदाताओं को रंगीन वोटर आईडी कार्ड भी बनवा कर दिए जाएंगे। पात्र महिला मतदाताओं का मतदाता पंजीकरण कराने को 24 व 25 नवंबर को जिला स्तरीय पोलिंग स्टेशनों पर शिविर लगा कर विशेष पुनरीक्षण दिवस भी मनाया जाएगा।
मौजूद एसीएम चतुर्थ आरके गौतम ने बताया कि निर्वाचन विभाग की पवेलियन में मतदाता पंजीकरण कराने, पुरानी वोटर लिस्ट की खामी दूर करवाने अथवा वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के लिए भरे जाने वाले फार्म भी उपलब्ध कराएं गए हैं।
इस अवसर पर आकांक्षा समिति की जिला इकाई अध्यक्ष प्रीति चौधरी सहित बड़ी संख्या में निर्वाचन व जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।