उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के आवेदन में आईडी प्रूफ के तौर पर वोटर आईडी, पासबुक एवं आधार कार्ड का विकल्प दिए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बृहस्पतिवार को सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी का घेराव किया।
इसके बाद सचिव ने यूपीटीईटी में डीएल, पैन कार्ड, पासपोर्ट के साथ वोटर आईडी कार्ड को भी प्रूफ के तौर पर इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी। बृहस्पतिवार को कार्यालय पहुंचे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। उनका कहना है कि अधिकांश आवेदकों के पास पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस एवं पैन कार्ड नहीं होने से उन्हें टीईटी के आवेदन में परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आईडी प्रूफ की इस व्यवस्था से कई हजार अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह जाएंगे। अधिकांश अभ्यर्थियों के पास परीक्षा नियामक की ओर से तय आईडी प्रूफ उपलब्ध नहीं है। इस बारे में सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी का कहना है कि आधार कार्ड नहीं बल्कि वोटर आईडी के विकल्प को शासन की ओर से मंजूरी मिल गई है। इसे शुक्रवार से लागू कर दिया जाएगा।