राजधानी के विवेकानंद अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से तीन कोरोना मरीजों की जान चली गई। करीब दो घंटे तक ऑक्सीजन की आपूर्ति ठप रही। अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन प्लांट में कुछ तकनीकी खराबी की बात स्वीकार की है।
शनिवार रात 2:30 बजे अचानक ऑक्सीजन आपूर्ति ठप हो गई। इससे गंभीर मरीजों की हालत बिगड़ने लगी। सांस लेने में तकलीफ होने लगी। तीमारदारों ने इसकी शिकायत अफसरों से की। इस बीच, ऑक्सीजन लेवल कम होने से कोविड वार्ड में तीन मरीजों की मौत हो गई।
आरोप है कि अस्पताल में बैकअप ऑक्सीजन की कोई व्यवस्था नहीं थी। अस्पताल के सचिव स्वामी मुक्तानंद ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट में कुछ तकनीकी खराबी हो गई थी। उसे कुछ देर में ठीक कर लिया गया। जिन मरीजों की मौत हुई, उनकी हालत पहले से ही गंभीर थी। मौत ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई है।