रायबरेली। नोटों को गत्ते में भरने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। सोमवार को आयकर अधिकारी प्रशांत कुमार ने उप आयकर निदेशक (जांच) को नोटों को गत्ते से भरने वाला वीडियो भेजने के साथ ही पूरे प्रकरण से भी अवगत कराया। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्दी ही आयकर विभाग की टीम यहां आकर पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल करेगी। ऐसे में दवा कारोबारी की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दवा कारोबारी अलमारी से नकदी निकालकर गत्ते में पैक करते हुए दिखाई दे रहा था। साथ ही उनके साथ दो और लोग हैं, जो इस कार्य में उसका सहयोग कर रहे थे। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कारोबारी का जिला अस्पताल से लेकर एम्स तक दवा सप्लाई का कारोबार है। शहर के एक बड़े निजी नर्सिंग होम में भी कारोबारी का एक मेडिकल स्टोर भी है। आयकर अधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सोमवार को दफ्तर खुलने पर पूरे प्रकरण की जानकारी और संबंधित वीडियो उप आयकर निदेशक को भेज कर पूरे प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। उधर, सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी।