पॉवर कारपोरेशन की विजिलेंस टीम ने लखनऊ के कैसरबाग इलाके में छापामारी कर बिजली मीटर को रिमोट से चलाने के लिए चिप लगाने का धंधा पकड़ा है। चिप लगाते एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 टेम्पर्ड मीटर व अन्य उपकरण बरामद किए हैं। हत्थे चढ़े आरोपी ने तीन साथियों के नाम कुबूले हैं।
कैसरबाग कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पावर कारपोरेशन की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साधना गोस्वामी ने बताया कि कैसरबाग के सुंदरबाग में बिजली के मीटर को रिमोट से चलाने के लिए चिप लगाए जाने की सूचना पर लेसा प्रथम के निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव, लेसा द्वितीय के निरीक्षक केएन सिंह, उपनिरीक्षक रत्नेश पांडेय व लेसा तृतीय के निरीक्षक विजय शंकर यादव की टीम ने सुंदरबाग में बृजकिशोर अवस्थी के ठिकाने पर छापा मारा।
वहां से 16 टेम्पर्ड मीटर, 9 मीटर बॉक्स, थ्रीफेस की पांच पीसीबी, सिंगल फेस की नौ पीसीबी, 7 सर्किट रेगुलेटर व ट्रांसफार्मर, 7 टेंपर्ड सील, एक रिमोट डिवाइस व अन्य उपकरण बरामद हुए।