नामांकन वापस लेते विद्यासागर सोनकर
राज्यसभा में आठ के बजाय 11 प्रत्याशी मैदान में उतारने वाली बीजेपी ने अब प्रत्याशियों के नामों को वापस लेना शुरू कर दिया है।
गुरुवार को बीजेपी की ओर से उतारे गए 11वें प्रत्याशी के रूप में विद्यासागर सोनकर ने अपना नामांकन वापस ले लिया। बताया जा रहा है कि सलिल विश्नोई भी आज अपना नामांकन वापस ले लेंगे।
गौरतलब है कि मौजूदा विधायकों की संख्या के हिसाब से बीजेपी अपने 8 प्रत्याशियों को राज्यसभा भेज सकती है। वहीं, सपा और बसपा एक-एक प्रत्याशी को राज्यसभा भेज सकते हैं। लेकिन, सपा और बसपा की सीटों में सेंध लगाने के लिए बीजेपी ने मैदान में 11 प्रत्याशी उतारे थे।
हालांकि, इस बात की गुंजाइश पहले ही लगाई जा रही थी कि बीजेपी दो प्रत्याशियों के नाम वापस ले लेगी।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी द्वारा नौवें प्रत्याशी को मैदान में उतारे की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी अपने नौवें प्रत्याशी को जिताने के लिए जोड़-तोड़ की कोशिश करेगी।
नामांकन पत्र वापस लेने की आज अंतिम तारीख है। गुरुवार शाम तक राज्यसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी।