लखनऊ में चौक के रूमी गेट के पास बीच सड़क पर कुछ युवक कार खड़ी कर बर्थडे मना रहे थे। इस दौरान केक काटे गये। वहां पर तेज म्यूजिक पर डांस हुआ। बीच सड़क पर अराजकता फैला रहे इन युवकों के कारण रात में राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस अराजकता की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसके बाद चौक पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस केमुताबिक जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक चौक प्रशांत मिश्रा के मुताबिक वीडियो कब का है। इस बारे में छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो में हरे रंग की कार दिखाई पड़ रही है। जिसमें तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बज रहा है। कुछ युवक कार के अंदर है तो कुछ बाहर खड़े होकर डांस कर रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक युवक दो कारों से आए थे। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि बीच सड़क कार खड़ी करने के बाद बोनट पर रख कर केक काटा गया है। उन्होंने बताया सड़क से हटने के लिए कहे जाने पर युवकों ने इलेक्ट्रानिक चैनल की आईडी भी दिखाई है। इंस्पेक्टर के मुताबिक युवकों की पहचान करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।