आल इंडिया में 120वीं रैंक हासिल कर कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में एडमिशन लेने वाले विभोर पोरवाल कानपुर में सबसे युवा आईआईटियन बनेंगे।
16 साल की उम्र पूरी करने से पहले विभोर ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस 2016 पास किया। इसी उम्र में वह आईआईटी कानपुर में पढ़ाई भी शुरू कर देंगे। उनकी कक्षाएं 27 जुलाई से चलेंगी।
कानपुर में रहकर पढ़ाई-लिखाई करने वाले विभोर आगामी दो अगस्त को 16 साल की उम्र पूरी करेंगे। इससे पहले ही कम उम्र में आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में एडमिशन का कीर्तिमान बना दिया।
आईआईटी के पास सत्र 2016-17 के एडमिशन के जो रिकार्ड हैं, उसके मुताबिक आईआईटी में अब तक एडमिशन लेने वाले विभोर की उम्र सबसे कम है। सब कुछ ठीक रहा तो 20 साल की उम्र पूरी करते-करते वह बीटेक की पढ़ाई पूरी कर लेंगे।