बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि भाजपा ने पहले जाति के आधार पर लोगों को बांटा, अब देवी-देवताओं को भी जाति में बांटना शुरू कर दिया है। मायावती दिल्ली में अपने आवास पर डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के बाद विचार व्यक्त कर रही थीं। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में व्यस्त बसपा सुप्रीमो इस समय दिल्ली में हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानजी से संबंधित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि चुनावी स्वार्थ में भाजपा के वरिष्ठ नेता हिंदू देवी-देवताओं को भी नहीं बख्श रहे। योगी के हनुमानजी के संबंध में दिए गए बयान के बाद देश भर में हनुमान मंदिरों को दलित पुजारियों के हवाले करने की मांग होने लगी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की कार्यप्रणाली एक जैसी है। कांग्रेस ने लंबे शासनकाल में गरीबों, दलितों, पिछड़ों को कुछ नहीं दिया। इसी तरह भाजपा और केंद्र में उसकी सरकार हर स्तर पर वादाखिलाफी और विफलताओं से ध्यान बंटाने के लिए राम मंदिर अभियान में लग गई है।