सीओ सिटी से बात करते नगर विधायक राकेश राठौर।
- फोटो : amar ujala
शहर कोतवाली क्षेत्र की मंडी चौकी पर सोमवार को उस दौरान जमकर हंगामा हुआ। जब एक ट्रैक्टर ट्रॉली के सीज करने को लेकर नगर विधायक राकेश राठौर व चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ व प्रभारी निरीक्षक ने विधायक को समझाकर शांत कराया। इस हंगामे के कारण करीब एक घंटे तक कैप्टन मनोज पांडेय चौक पर जाम लगा रहा।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के रोहिला निवासी सुजीत राठौर ट्रैक्टर ट्रॉली से कहीं जा रहा था। रास्ते में मंडी चौकी पर पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली रोक ली और उसे सीज कर दिया। इस पर सुजीत ने नगर विधायक को फोन पर सूचना दी, कि चौकी इंचार्ज ने रुपये मांगे, न देने पर अभद्रता करते हुए वाहन को सीज कर दिया। इस पर विधायक चौकी पहुंच गए। यहां पर बात इस कदर बढ़ी, कि चौकी प्रभारी व विधायक में जमकर कहासुनी हुई।
सूचना पर सीओ योगेंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक मो. जैनुद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे। इस बीच नगर के काफी लोग वहां पहुंच चुके थे, जो हंगामा करते हुए चौकी प्रभारी से अभद्रता कर रहे थे। विधायक का कहना था कि चौकी प्रभारी ने रुपये न मिलने पर वाहन को सीज कर दिया। वहीं जब वे मौके पर पहुंचे, तब चौकी प्रभारी ने उनसे भी अभद्र लहजे में बात की।
इधर चौकी प्रभारी ने भी विधायक पर अभद्रता का आरोप लगाया है। हालांकि चौकी प्रभारी ने इस बाबत कोई लिखित शिकायत नहीं की है। सीओ व प्रभारी निरीक्षक ने मामले में जांच की बात कहते हुए विधायक व उनके समर्थकों को शांत किया। सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि विधायक ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाया है जिसकी जांच की जा रही है।