उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों को दिए जा रहे वाहन भत्ते बढ़ा दिए हैं। भत्तों में 33.33 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। खास बात ये है कि राज्य वेतन समिति ने इन भत्तों में दो गुना वृद्धि की सिफारिश की थी, लेकिन वित्त विभाग ने इस पर कैंची चला दी।
प्रदेश सरकार दिव्यांग कर्मियों को अपने कार्यस्थल आने तथा वापस जाने की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए वाहन भत्ते देती है। इसके अलावा शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों के राजकीय विद्यालय, मूक तथा बधिर राजकीय विद्यालय तथा राजकीय दृष्टिबाधित विद्यालयों के शारीरिक रूप से अक्षम श्रेणी में आने वाले शिक्षकों को वाहन भत्ता देती है। अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल ने इन सभी श्रेणी के भत्तों को पुनरीक्षित करते हुए शासनादेश जारी कर दिया है।