लखनऊ। वेदम वर्ल्ड स्कूल की बीकेटी शाखा में शनिवार को समर कैंप के समापन और बोर्ड परीक्षा टॉपर्स के सम्मान में समारोह का आयोजन हुआ। इसमें विद्यालय की प्राचार्या सफिया उस्मानी ने कहा कि आज का दिन केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि उस सोच का भी उत्सव है जो शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं मानती। हमारी कोशिश है कि हर विद्यार्थी में सोचने, रचने और दुनिया को बेहतर बनाने की क्षमता विकसित हो।
उन्होंने कहा कि हमारे समर कैंपर्स में जो रचनात्मकता झलकी है और हमारे टॉपर्स में जो अनुशासन और समर्पण दिखा है यही वे मूल्य हैं जो उन्हें जीवन में आगे ले जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम न केवल अकादमिक उत्कृष्टता में विश्वास करते हैं, बल्कि हम यह भी मानते हैं कि जिज्ञासा, नेतृत्व, सहानुभूति और रचनात्मकता ये सभी एक सफल और संतुलित जीवन की नींव हैं।
परिसर में आयोजित समर कैंप में बच्चों को विभिन्न रचनात्मक और कौशल-आधारित गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। कैंप में चित्रकला, संगीत, नृत्य, नाटक, रोबोटिक्स, योग, खेलकूद और जीवन कौशल जैसे अनेक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और लाइव डेमो व प्रदर्शनियों के जरिये अपने कौशल और सीख को साझा किया।
गर्व से चमकीं अभिभावकों की आंखें
अभिभावकों ने जब अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास से भरा देखा तो उनकी आंखों में गर्व की चमक साफ दिखाई दे रही थी। इस दौरान 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र व प्रशस्तिपत्र प्रदान किए गए।