प्रदेश के नए महाधिवक्ता वीसी मिश्रा ने मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं से जुट जाने का आह्वान किया है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कार्यकर्ताओं के सम्मान का ख्याल रखने का भी आग्रह किया।
वीसी मिश्रा समाजवादी अधिवक्ता सभा और सैनिक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वह छात्र जीवन से ही समाजवादी आंदोलन से जुड़ गए थे। वह अभी खुद को समाजवादी कार्यकर्ता मानते हैं।
कारागार मंत्री एवं सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि सपा सरकार ने हर वर्ग के हित में काम किया है। इसे से बौखलाकर जाति-धर्म की राजनीति करने वाली ताकतें सपा के खिलाफ साजिशें रच रही हैं।
उन्होंने वकीलों और पूर्व सैनिकों से सजग रहकर देश को बांटने वाली ताकतों को बेनकाब करने के लिए कहा।
इस मौके पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन जगन्नाथ प्रसाद यादव, सुरेन्द्र सिंह गोल्डी, कर्नल सत्यवीर सिंह यादव, अपर महाधिवक्ता राजबहादुर यादव, अधिवक्ता महासभा के महासचिव देवीबख्श सिंह, अशोक वाजपेयी, सुनीता त्रिपाठी, वीर सिंह आदि मौजूद थे।