जनसभा को संबोधित करते वरुण गांधी।
वरुण गांधी ने कहा है कि देश में असली लोकतंत्र तभी आएगा जब हर किसी को उसका हिस्सा मिलेगा। बीजेपी सांसद रविवार को सुल्तानपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
देश में सामाजिक और आर्थिक ऊंच नीच को उन्होंने देश के लिए नुकसानदेह बताया। उन्होंने कहा कि देश में एकता बनाए रखने के लिए सभी को सोचना होगा। जब देश में एकता बनी रहेगी और शांति स्थापित होगी तभी देश आएग बढ़ेगा।
वरुण गांधी तीन दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर पहुंचे हैं। दौरे के पहले दिन वह इसौली विधानसभा क्षेत्र में चौपाल लगाकर लोगों से बातचीत कर रहे थे। वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा सरकारें आएंगी और जाएंगी पर देश हमेशा रहेगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं के लिए आगे आने की अपील की और अपने विकास की योजनाएं बनाकर खुद से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा। ग्रामीण विकास पर वरुण गांधी ने कहा, हमारी कोशिश है कि गांव के लोग शहर के लोगों के बराबर हों। उनके पास पक्का घर और काम हो।
सांसद ने कहा कि चुनाव के दौरान नेता वोट मांगने आते हैं। लेकिन यह दौरा वोट के लिए नहीं बल्कि रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए है। क्योंकि रिश्ते चुनाव के बाद के समय में ही बनते हैं।
इस दौरान उन्होंने एक कविता की कुछ पंक्तियों को सुनाकर गांव में सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कविता की पंक्तियां कुछ इस प्रकार थीं-
आसमान में पतंगे भी अब हैरान हैं, घर की छतें भी हिन्दू-मुसलमान हैं।
उन्होंने कहा कि गांव में मंदिर और मस्जिद एकता के केन्द्र हैं। हम अपने बुर्जुगों के योगदान को मिट्टी में न मिलाएं।