लखनऊ में आतंकी के घर से प्रेशर कूकर ले जाते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में एटीएस ने रविवार को दो आतंकियों को गिरफ्तार कर जो दो प्रेशर कुकर बम बरामद किए हैं, वो इस कदर खतरनाक हैं कि इनके धमाके से बड़ी जनहानि होती। ऐसे ही प्रेशर कुकर बम से सात मार्च 2006 को प्रयागराज के आतंकी वलीउल्ला ने वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन व संकट मोचन मंदिर को दहलाया था। उत्तर प्रदेश में प्रेशर कुकर बम से धमाकों की ये सबसे बड़ी घटना थी। हालांकि देश के अन्य हिस्सों में प्रेशर कुकर बम से धमाकों की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर सात मार्च 2006 को प्रेशर कुकर बमों के सीरियल ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत व 20 घायल हुए थे। जबकि संकट मोचन मंदिर में सात भक्तों की जान गई थी व कई घायल हुए थे। इसके कुछ दिन बाद ही एसटीएफ व पुलिस ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन के पास से आतंकी वलीउल्ला को गिरफ्तार सीरियल ब्लास्ट की घटना का खुलासा किया था।
प्रयागराज के फूलपुर का रहने वाला वलीउल्ला आतंकी संगठन हूजी से जुड़ा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में नए प्रेशर कुकर, आईईडी व इनसे बम बनाने का अन्य सामान बरामद हुआ था। एसटीएफ की छानबीन में पता चला कि वलीउल्ला प्रेशर कुकर बम बनाने में माहिर है और उसने कई युवकों को बम बनाना सिखाया था। मौजूदा समय में आतंकी वलीउल्ला गाजियाबाद जेल में सजा काट रहा है।