रायबरेली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय 51वीं सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। मुकाबले में 16 टीमों ने भाग लिया। दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। समापन समारोह में पुरस्कार वितरण हुआ। वाराणसी टीम ने फाइनल में जीत हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की। फाइनल में हारने वाली गाजीपुर टीम को उप विजेता घोषित किया गया। तीसरे स्थान पर जौनपुर और मीरजापुर टीम ने संयुक्त रूप से कब्जा किया।
पहले दिन सभी टीमों के बीच लीग मैच कराए गए। इनमें सफलता अर्जित करने वाली आठ टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए चयनित की गईं। क्वार्टर फाइनल मैचों में वाराणसी ने रायबरेली को 56-14 से, मीरजापुर ने प्रयागराज को 31-7 से, गाजीपुर ने सोनभद्र को 43-33 से और जौनपुर ने सुल्तानपुर को 41-25 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल मैच वाराणसी और मीरजापुर के बीच हुआ, जिसमें वाराणसी ने 41-18 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल मैच गाजीपुर और जौनपुर के बीच हुआ, जिसमें गाजीपुर टीम 42-27 से जीत दर्ज कराते हुए फाइनल में पहुंची।
चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला यानी फाइनल मैच वाराणसी और गाजीपुर टीमों के बीच हुआ, जो काफी रोमांचक रहा। इस मुकाबले में वाराणसी टीम के प्रदर्शन के आगे गाजीपुर टीम काफी कमजोर दिखी। इसीलिए वाराणसी टीम ने 47-17 से फाइनल मैच जीत लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुधा द्विवेदी एवं गीतिका द्विवेदी ने पुरस्कार बांटे। संचालन लक्ष्मीकांत शुक्ल ने किया। कबड्डी संघ के अध्यक्ष एसएस शुक्ला और सचिव मुन्नालाल साहू ने आभार जताया। इस मौके पर विनय सिंहस राजेश सिंह, मो. अकरम, अशोक शुक्ला, श्रीधर शुक्ला, हिमांशु तिवारी, हरीकिशोर, राज कुमार, चंद्रमणि आदि मौजूद रहे।