लाइव फीड के द्वारा होगी मॉनिटरिंग, 15 तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
पहले चरण में 16 जनवरी को शहर के 61 केंद्रों पर कोविड से बचाव को वैक्सीनेशन होगा। सभी केंद्रों की मॉनिटरिंग इंट्रीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से लाइव फीड से होगी। इसके लिए सभी तैयारियां 15 तक पूरी कर सत्यापित कराएं। यह निर्देश जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने दिए। वह सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वैक्सीनेशन को लेकर एक बैठक कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को जिले के केजीएमयू, एरा, एसजीपीजीआई, सीएचसी माल व मोहनलालगंज सहित कुल 61 केंद्रों पर वैक्सीनेशन होगा। सभी नोडल अपने केंद्रों में ओपन एरिया व इंटरनल स्पेस में फ्लेक्सी लगवाने के साथ वैक्सीनेशन रूम में ग्रीन स्क्रीन भी लगवाना सुनिश्चित कराएं। सभी नोडल अपनी अपनी टीमों के साथ बैठक कर 15 तक रूट चार्ट, मीडिया प्रोटोकॉल व वीआईपी ट्रीटमेंट आदि की व्यवस्था पूरी करा लें। निर्देश दिया गया कि सभी नोडल भीड़ मैनेजमेंट के लिए पहले से प्लान तैयार कर सभी केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क व कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सख्ती से कराया जाए।
हर बूथ पर महिला कांस्टेबल की तैनाती
हर बूथ पर महिला कांस्टेबल की भी नियुक्ति की रहेगी। साथ ही सभी बूथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगे। सभी स्टाफ को बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की ट्रेनिंग भी करायी जाएगी । हर बूथ पर एक चार्जर और पावर पॉइंट की व्यवस्था भी रहेगी।
दूसरे चरण में 27,300 लोगों का होगा वैक्सीनेशन
राजधानी में 51 हजार स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के टीकाकरण के बाद दूसरे चरण में 27,300 लोगों को वैक्सीन लगेगी। ये जनता से सीधे जुड़ने वाले विभागों के कर्मचारी होंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पहले चरण में तीन दिन तक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टीका लगेगा। अभी तक 51 हजार स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया गया है, लेकिन विभाग ने 54 हजार के वैक्सीनेशन की व्यवस्था बनाई है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के टीकाकरण के तीसरे चरण का ड्राई रन सोमवार को पूरा हो गया। अब स्वास्थ्य विभाग ने जनता से सीधे जुड़ने वाले विभागों के कर्मियों के टीकाकरण की रणनीति बनाई है। स्वास्थ्य विभाग करीब 30 हजार का लक्ष्य लेकर चल रहा है, लेकिन 27300 लोगों का पंजीकरण हो पाया है। इसमें प्रशासन से जुड़े लोगों की संख्या 5000 है। पुलिस के सात हजार, नगर निगम के 15 हजार और आपदा प्रबंधन से जुड़े 300 लोग हैं। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर का कहना है कि दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर को शामिल किया गया है। अब तक 27,300 को पंजीकृत किया जा चुका है।