राजधानी में वैक्सीनेशन का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सभी स्थानों पर 27 हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाई। अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर करीब 158 सेंटर बनाए गए थे।
यहां 22,969 लोगों को वैक्सीन लगी। मेगा वैक्सीनेशन अभियान के लिए बनाए गए तीन सेंटरों पर 4,993 लोगों को टीका लगा। इकाना स्टेडियम में सबसे अधिक 2,548 लोग वैक्सीन लगवाने आए।
इकाना स्टेडियम में 18-44 वर्ष के आयु वर्ग में 2360 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 45 पार वाले 188 लाभार्थियों ने टीका लगवाया।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 18 पार वाले 997 लोगों ने वैक्सीन लगवाई तो और 45 से अधिक आयु के 224 लोग टीका लगवाने आए। अभिभावक स्पेशल बूथ पर 43 लोगों ने टीके लगवाए।
एसीएमओ डॉ. अभिलाषा मिश्रा ने बताया कि छोटा इमामबाड़ा में 926 युवाओं, 44 से अधिक आयु वर्ग के 194 लोगों और अभिभावक स्पेशल प्लान में 62 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।
टीका लगवाने वालों को दिए पौधे
छोटा इमामबाड़ा में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पृथ्वी इनोवेशन की ओर से पौधे वितरित किए गए। इस मौके पर संस्था की ओर से पृथ्वी मित्रों के साथ ही एसीएम (सेकेंड) किशुंक श्रीवास्तव, डॉ. अंदलीब रिजवी, नामित पार्षद अनुराग मिश्र ने वैक्सीनेशन कराने आए लोगों को तुलसी व पपीते के पौधे वितरित किए। छोटा इमामबाड़ा परिसर में भी एक पौधा रोपा गया।
वैक्सीन से देंगे कोरोना को मात
इंदिरानगर से वैक्सीनेशन कराने छोटा इमामबाड़ा पहुंचे अंशुमाली वाजपेयी व उनकी पत्नी निखिता ने कहा कि कोरोना से जंग में वैक्सीन जरूरी है। इसी तरह बंगला बाजार की प्रियंका व रूपाली ने वैक्सीन लगवाने के बाद सेल्फी लेकर खुशी जताई। रिवर बैंक कॉलोनी की रहने वाली खुशबू ने कहा कि वैक्सीन को लेकर लोगों को जागरूकता दिखानी चाहिए। चौक की शुभांगिनी गुप्ता ने कहा कि वैक्सीन लगवाने में देरी क्यों?
कल्बे जव्वाद ने की वैक्सीन लगवाने की अपील
शिया धर्मगुरु व इमामे जुमा मौलाना कल्बे जव्वाद ने कोरोना से निजात के लिए लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस खतरनाक तरीके से पूरे देश में कोरोना संक्रमण फैला है, उसे देखते हुए इससे बचाव के लिए वो हर तरीका इस्तेमाल करना चाहिए। जिससे लोगों की जिंदगी सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी अस्पताल या अन्य वैक्सीनेशन सेंटर बने हैं, वहां जाकर सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए।
पंजीकरण व स्लॉट बुकिंग आज
कोरोना वैक्सीनेशन के लिए रविवार को फिर पंजीकरण होंगे। रविवार सुबह करीब दस बजे स्लॉट बुकिंग शुरू होगी। इस बार लोग कोविशील्ड के साथ को-वैक्सीन का विकल्प भी चुन सकेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई, सिविल, महानगर एनईआर, चिनहट सीएचसी, बलरामपुर, राम सागर मिश्र व लोकबंधु अस्पताल को-वैक्सीन लगेगी जबकि शेष अस्पतालों में कोविडशील्ड लगाई जायेगी। डफरिन और मोहनलालगंज स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में विशेष बूथ बनाये गये हैं। छोटे बच्चों के अभिभावकों के लिए पहले से ही अलग काउंटर चल रहे हैं। अब तक करीब दो लाख से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं।
पुनर्वास विवि में लगा टीकाकरण कैंप
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शनिवार को शिक्षक, कर्मचारियों व विद्यार्थियों के लिए टीकाकारण कैंप का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. राणा कृष्णपाल सिंह व रजिस्ट्रार अमित कुमार सिंह ने कैंप का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में 18 से 44 वर्ष के लगभग 200 शिक्षक-कर्मचारियों व 44 वर्ष से अधिक आयु के 36 लोगों का टीकाकरण हुआ। विवि के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कमलेश यादव ने कहा कि वैक्सीन का कोई विकल्प नहीं है। कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि कैंप में शिक्षक-कर्मचारियों ने उत्साह से शिरकत की।
केजीएमयू में टीकाकरण के साथ ही आधार बनाने की व्यवस्था
केजीएमयू में टीकाकरण के साथ ही आधार कार्ड भी बन रहा है। कलाम सेंटर के कमरा नंबर 408 में शनिवार से इसकी शुरुआत हुई। नए आधार बनने के साथ ही आधार नवीनीकरण का काम भी हो रहा है।
सीरो सर्वे के तहत 450 लोगों के नमूने लिए गए
राजधानी में दूसरे दिन में शनिवार को टीमों ने अलग-अलग इलाकों से सीरो सर्वे के लिए 450 लोगों के खून के नमूने लिए। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि रविवार को नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। इसकी रिपोर्ट जून के आखिर हफ्ते तक आने की उम्मीद है। समुदाय में संक्रमण का पता लगाने के लिए सीरो सर्वे कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि शनिवार को 18 स्थानों से 450 लोगों के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 49 टीमों ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के रक्त नमूने लिए हैं।
गांव में विशेष कैंप लगा होगा टीकाकरण
गोसाईंगंज में मेडिकल टीमें अब गांवों में जाकर कोरोना की खुराक देंगी। टीकाकरण योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए एसडीएम मोहनलालगंज डॉ. शुभी सिंह ने गोसाईंगंज बीडीओ संजीव गुप्ता व सीएचसी अधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार के साथ शनिवार को बैठक कर खाका तैयार कर लिया। सोमवार को बहरौली व मीसा में तीन दिवसीय विशेष कैंप लगाकर टीकाकरण की शुरूआत की जायेगी। दूसरे चरण में जौखंडी व बेगरियामऊ में कैंप लगेगा। रोज 150 से 200 लोगों को टीका लगाया जायेगा। अगले चरण में न्याय पंचायत स्तर पर वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया जायेगा।
केडीसिंह बाबू स्टेडियम में मेगा वैक्सीनेशन कैम्प में टीका लगवाती महिला।- फोटो : LKO CITY