राजधानी लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मंगलवार को आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ व जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेला गया। उज्बेकिस्तान की यूथ अंडर-18 टीम ने आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ व जूनियर हैंडबॉल (कांटिनेंटल फेज - एशिया) का खिताब मेजबान भारत को 47-23 से हराकर जीता।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप में भारत की यूथ टीम उपविजेता रही। जबकि, जूनियर टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर के रविंद्र नायक (आईएएस, प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन), वीके सिंह (आईपीएस, अपर पुलिस महानिदेशक), सुहास एल वाई (आईएएस, सचिव खेल, उत्तर प्रदेश शासन) व विराज सागर दास (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन) ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पांडेय ने अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल के निर्माण की सराहना करते हुए भविष्य में और भी बड़े आयोजन कराने का आश्वासन दिया।
अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी
इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह, आईएचएफ से टेक्निकल डेलीगेट यूएई से सालेह मोहम्मद सईद, विनय कुमार सिंह, डॉ. सुधर्मा सिंह, अमित पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे। आज यूथ वर्ग के फाइनल में भारत के खिलाफ शुरू से ही उज्बेकिस्तान ने अटैकिंग गेम दिखाया। लगातार गोल दागते हुए अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। उज्बेक खिलाड़ियों ने अनुभव व फुर्ती के सहारे पहले हॉफ में मेजबान के खिलाफ 25-13 से बढ़त बना ली।
मध्यांतर तक उज्बेकिस्तान 17-6 से आगे था
भारतीय खिलाड़ियों ने कई मौकों पर आक्रामक खेल दिखाया लेकिन मिले मौकों को वो भुना नहीं सके। इसके चलते उज्बेक खिलाड़ियो ने अंतर बढ़ाते हुए 47-23 से जीत हासिल की। विजेता टीम से योरकुलोव ने नौ, तुर्गुनोव कुवोंचबेक ने सात, सफारोव ने आठ व अब्दुकरिमोव ने छह गोल किए। भारत की ओर से रवि ने सात, अंशु व प्रवीण गिल ने पांच-पांच और मनीष यादव ने चार व सुयश अवस्थी ने दो गोल किए। जूनियर वर्ग के फाइनल में उज्बेकिस्तान ने कजाखिस्तान को 38-18 से हराया। मध्यांतर तक उज्बेकिस्तान 17-6 से आगे था।
वादिम कैसिन ने सर्वाधिक 15 गोल किए
उज्बेकिस्तान से एशकुलोव जलोलिद्दीन ने आठ, राखत जोल्दास्बाएव ने छह व रहिमोव ने पांच गोल किए। कजाखिस्तान से मिखाइल सालमोव व आजीजान रकीमजानोव ने पांच-पांच गोल किए। इससे पूर्व तीसरे स्थान के मैच में भारतीय जूनियर अंडर-20 टीम ने बांग्लादेश को 40-24 से हराकर कांस्य पदक जीता। भारत मध्यांतर तक 17-9 से आगे था। भारत के लिए जसप्रीत सिंह व मोहित ने सर्वाधिक 9-9 गोल दागे। यूथ अंडर-18 में तीसरे स्थान के मैच में कजाखिस्तान ने कांस्य पदक जीता जिसने बांग्लादेश को 33-29 से हराया। विजेता टीम से वादिम कैसिन ने सर्वाधिक 15 गोल किए।