वैश्विक निवेशकों तक पहुंच मजबूत करते हुए उत्तर प्रदेश ने ताइवान के ताइपे में आयोजित तीन दिवसीय सेमीकॉन 2026 (2-4 सितंबर) में राज्य के उभरते सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम का प्रदर्शन किया। यूपी प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक उद्योगपतियों के समक्ष चिप मैन्युफैक्चरिंग, सेंसर, डाटा सेंटर और मजबूत सप्लाई चेन के क्षेत्रों में निवेश व साझेदारी का प्रस्ताव रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने ताइवानी कंपनियों के समक्ष राज्य के प्लग-एंड-प्ले बुनियादी ढांचे, नीतिगत प्रोत्साहनों, बड़े कुशल कार्यबल और तेजी से विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स हब को प्रमुखता से रखा। प्रमुख सचिव इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी आलोक कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में इन्वेस्ट यूपी की एसीईओ प्रेरणा शर्मा और यीडा के एसीईओ मनीष मीना शामिल रहे।
व्यापक स्थानीयकरण में निवेश के लिए आमंत्रित किया
आलोक कुमार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े राज्य के प्रोत्साहनों के साथ औद्योगिक बुनियादी ढांचे, प्रगतिशील निवेश नीतियों, कुशल कार्यबल और मजबूत प्रौद्योगिकी विनिर्माण इकोसिस्टम विकसित करने की योजनाओं की जानकारी दी। यूपी ने ताइवानी कंपनियों को सेंसर मॉड्यूल, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, एप्लीकेशन इंजीनियरिंग, परीक्षण और सप्लाई चेन के व्यापक स्थानीयकरण में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
प्रतिनिधियों के साथ निवेश अवसरों पर बातचीत हुई
प्रतिनिधिमंडल ने क्रिएटिव सेंसर इंक. के चेयरमैन यूजीन हुआंग और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बैठक कर कंपनी की भारत विस्तार योजनाओं पर चर्चा की। इसके अलावा मीडियाटेक, एडाटा टेक्नोलॉजी और टीआईबीए बिजनेस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ भी निवेश अवसरों पर बातचीत हुई। सेमीकॉन 2026 के माध्यम से यूपी ने खुद को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।