किकी डांस इन दिनों युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। लोग इसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। पर इससे होने वाले हादसों के कारण ये पुलिस के लिए अब एक चैलेंज बन गया है। हाल ये है कि पंजाब पुलिस के बाद अब यूपी पुलिस ने भी इस पर एडवायजरी जारी की है।
यूपी पुलिस ने इसे लेकर किए गए ट्वीट में लोगों को खतरनाक स्टेप न करने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। दरअसल, कैनेडियन रैपर ड्रैक के गाने 'किकी डू यू लव मी' पर डांस मूव्स करते हुए लोग सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। इसमें चलती हुई कार से उतरकर डांस मूव्स करते हैं और फिर वापस उसमें बैठ जाते हैं। इस दौरान कार की स्पीड 10 किलोमीटर प्रतिघंटा होती है। ये सोशल मीडिया पर 'किकी चैलेंज' के नाम से ट्रेंड कर रहा है।
ये सब करना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कई हादसे हो चुके हैं। जिसे लेकर जागरुकता फैलाने के लिए पंजाब पुलिस के बाद यूपी पुलिस ने एडवायजरी जारी की है, साथ ही पैरेंट्स को भी चेतावनी दी है। ट्वीट में कहा गया है कि 'डियर पैरेंट्स, किकी आपके बच्चों से प्यार करे या न करे लेकिन हम जानते हैं कि आप जरूर करते हैं। इसलिए किकी चैलेंज को छोड़कर हर चुनौती में अपने बच्चों के साथ खड़े रहें।'
वहीं, पंजाब में भी इस खतरनाक चैलेंज पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का काफी क्रेज देखा जा रहा है। जिस पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने रेडियो चैनल रेडियो मिर्ची से मिलकर एडवायजरी जारी की है।
'किकी डू यू लव मी' कैनेडियन रैपर ड्रैक के गाने 'इन माय फीलिंग्स' की एक लाइन है। जिसे उनके स्कॉर्पियन एलबम से लिया गया है। खास बात है कि इस गाने के वीडियो में कहीं भी ये खतरनाक चैलेंज नहीं किया गया है। इस चैलेंज को करते समय पैरों की स्पीड और ट्रिक्स का भी ध्यान रखा जाता है। अब तक दुनिया भर से ये चैलेंज लेते समय युवाओं के घायल होने की कई खबरें आ चुकी हैं।