मेरठ मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी का सोमवार को निरीक्षण करने गए चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के होम क्वारंटीन होने की खबर बुधवार को दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। मेरठ के दौरे के बाद इमरजेंसी में भर्ती छह मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसलिए प्रोटोकाल के अनुसार चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना को भी होम क्वारंटीन होना पड़ा।
वहीं मेरठ से लौटने के बाद खन्ना मंगलवार शाम को मीटिंग के लिए जवाहर भवन के छठे तल पर स्थित चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय भी गए थे। जिससे वहां बुधवार को कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। कर्मचारी ऑफिस को बंद करने की मांग कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी के चलते बुधवार को सुरेश खन्ना ने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए और खुद को होम क्वारंटीन करने का फैसला किया। हालांकि मंत्री से जुड़ा मामला होने के कारण उनका स्टाफ भी कुछ बोलने को तैयार नहीं था। उनके निजी सचिव का मोबाइल फोन भी पहुंच से बाहर बता रहा था। चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी अपना फोन नहीं उठा रहे थे।