अस्पताल में मरीज और चिकित्सकों की टीम।
लखनऊ। केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (क्वीन मेरी अस्पताल) में पहली बार रोबोटिक विधि से बच्चेदानी निकालने में सफलता मिली है। डॉक्टरों का दावा है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की सेहत में सुधार है।
गोरखपुर निवासी शशिकला (51) के गर्भाशय से रक्तस्राव हो रहा था। परिजनों ने कई डॉक्टरों को दिखाया। डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की सलाह दी, मगर मोटापे के कारण बाद में ऑपरेशन करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन शशिकला को लेकर क्वीन मेरी अस्पताल पहुंचे। विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल व उनकी टीम ने मोटापा समेत दूसरी शारीरिक समस्याओं को देखते हुए रोबोटिक सर्जरी करने का फैसला लिया।
22 जुलाई को रोबोटिक तकनीक से सुरक्षित और सफलतापूर्वक ऑपरेशन पूरा किया गया। सर्जरी के बाद शशिकला तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। यह ऑपरेशन सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के सहयोग से किया गया।
सर्जिकल टीम में डॉ. स्मृति अग्रवाल, डॉ. शालिनी सिंह, डॉ. अनन्या, डॉ. शांभवी, सिस्टर नीता और मनीष, एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. विनीता, डॉ. नीलकमल, डॉ. निधि सिंह और डॉ. गोविंद अग्रवाल, रोबोटिक ऑपरेशन थियेटर की टीम में सिस्टर रीता, मुस्कान और नेहा की भी भूमिका रही। कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने पूरी टीम को बधाई दी है।