लखनऊ। किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के डाॅक्टरों ने सात वर्षीय बालिका की जटिल सर्जरी कर उसे बड़ी तकलीफ से छुटकारा दिलाया है। बाराबंकी निवासी बच्ची की एक किडनी सामान्य थी, लेकिन दूसरी बेहद छोटी। इससे, उसे पेशाब रिसने की परेशानी बनी रहती थी। परिजन उसे इलाज के लिए पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में लेकर पहुंचे। जहां सफल ऑपरेशन के बाद अब बच्ची स्वस्थ है।
पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. जेडी रावत ने बताया कि बच्ची का जन्म 2017 में हुआ था। तब बच्ची का मलद्वार नहीं बना था। उस समय बच्ची का मलद्वार बना दिया गया था। इसके बाद बच्ची को लगातार पेशाब रिसने की समस्या बनी रहती थी।
अल्ट्रासाउंड और न्यूक्लियर स्कैन में पता चला कि बाईं ओर का गुर्दा बेहद छोटा था और सही से काम नहीं कर रहा था। ऐसे में सर्जरी करने का निर्णय किया गया। दूरबीन विधि से यह सर्जरी की गई। सर्जरी पूरी तरह सफल रही। सर्जरी करने वाली टीम में प्रो. जेडी रावत, डॉ. राहुल कुमार राय, डॉ. मनीष राजपूत, डॉ. नील कमल और सिस्टर सुधा शामिल थे।