फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPTET 2026 परीक्षा: रेटिना स्कैन के बाद मिला प्रवेश, 60 जिलों के 955 केंद्रों पर हुई परीक्षा; लगी लंबी कतार

Thu, 02 Jul 2026 10:33 AM IST
Akash Dwivedi डिजिटल डेस्क, लखनऊ

सार

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। 60 जिलों के 955 केंद्रों पर पांच पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैन और सीसीटीवी निगरानी के साथ परीक्षा कराई जा रही है। लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं और नकल रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
UPTET 2026 परीक्षा - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) गुरुवार से प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा और सघन निगरानी के बीच शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर कुल पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैन, आधार कार्ड की जांच और सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रदेशभर में फिलहाल परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

विज्ञापन




उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अनुसार इस वर्ष परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 17,67,180 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश तथा 2,27,481 अभ्यर्थी अन्य राज्यों से हैं। परीक्षा में 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। प्राथमिक स्तर के लिए 3,88,179, उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 8,16,436 तथा दोनों स्तरों के लिए 3,95,023 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

पाली दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक चलेगी

परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को पांच पालियों में किया जा रहा है। दो जुलाई को उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा, तीन जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी, जबकि चार जुलाई को पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक चलेगी।

विज्ञापन


महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना को देखते हुए इस बार उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त की गई है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। कई कोचिंग संचालकों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर रखे गए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वर्ष 2021 में टीईटी प्रश्नपत्र लीक होने की घटना से सबक लेते हुए इस बार बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। अंबेडकरनगर के 12 केंद्रों, बलरामपुर के छह केंद्रों, गोंडा के 18 केंद्रों और अमेठी के 12 केंद्रों सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्याप्त पुलिस बल तथा बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।

विज्ञापन




जौनपुर से सबसे अधिक 67,597 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि लद्दाख से केवल एक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहा है। बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए लगातार निगरानी जारी है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें