फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

व्यायाम प्रशिक्षक भर्ती में मेडिकल के लिए यूपीएसएसएससी ने निकाला फॉर्मूला

Tue, 02 Oct 2018 12:54 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
यूपीएसएसएससी - फोटो : amar ujala

यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने व्यायाम प्रशिक्षक व क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा का फॉर्मूला तय कर दिया है। आयोग नवंबर तक यह परीक्षा कराकर चयनित अभ्यर्थियों का नाम विभाग को भेजने की योजना पर काम कर रहा है।



व्यायाम प्रशिक्षक व क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 694 पदों के लिए लिखित परीक्षा पिछले दिनों हुई थी। इसके 3.38 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। आयोग ने परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी कर आपत्तियां प्राप्त कर ली हैं। 

आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण कर लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की सूची फाइनल की जाएगी। इसके बाद रिक्त पदों के बराबर की संख्या में अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।


रिक्त पद के समतुल्य आमंत्रित अभ्यर्थियों में जितने शारीरिक परीक्षा में असफल होंगे, लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के वरीयता क्रम में उतने अभ्यर्थियों को ही आगे शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

नवंबर तक शारीरिक परीक्षा संपन्न कर अंतिम तौर पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची विभागों को भेजने की योजना है। योगी सरकार में आयोग के पुनर्गठन के बाद की यह पहली फ्रेश भर्ती परीक्षा है। दो अन्य विज्ञापनों पर भी चयन से जुड़ी कार्यवाही चल रही है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें