प्रदेश सरकार ने भर्ती परीक्षाएं कराने के लिए परीक्षा एजेंसियों के इम्पैनलमेंट का काम शुरू कर दिया है। बताया गया है कि सरकार इसके लिए एक विज्ञापन निकालेगी। तय पात्रता, विशेषज्ञता व शर्तों पर एजेंसियों का पैनल बनाया जाएगा।
इसमें ओएमआर और ऑनलाइन दोनों तरह की परीक्षा कराने वाली एजेंसियों के चयन की योजना है। इसके बाद आयोग, चयन बोर्ड या विभाग एजेंसियों के बीच फाइनेंसियल बिड करके लिखित परीक्षा कराने वाली एजेंसी का चयन कर लेंगे।
ज्यादा आवेदक तो कई पालियों में परीक्षा का विकल्प
प्रदेश में समूह ‘ग’ की भर्ती परीक्षाओं में कई लाख आवेदकों के बैठने की संभावना रहती है। इतनी बड़ी संख्या में आवेदकों का एक साथ परीक्षा कराना बड़ी चुनौती होती है।
आयोग के चेयरमैन ने बताया कि ऐसी एजेंसियां हैं जो करीब 50 हजार आवेदकों की एक साथ ऑनलाइन परीक्षा करा सकती हैं। इसके लिए आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर इनके पास उपलब्ध है। इससे अधिक संख्या होने पर कई पालियों में अलग-अलग प्रश्नपत्र से परीक्षा हो सकती है।