अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने कनिष्ठ सहायक विशेष चयन भर्ती परीक्षा, 2017 के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 4 दिन की जगह 7 दिन में कराने का फैसला किया है। अब साक्षात्कार 1 सितंबर की बजाय 15 सितंबर से शुरू होगा। आयोग के सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया है कि कनिष्ठ सहायक विशेष चयन भर्ती के अंतर्गत लिखित परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के लिए चयन किया गया था।
14 अगस्त को साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किया गया था। एक सितंबर से 4 दिनों में साक्षात्कार संपन्न कराने की योजना बनी थी। आयोग ने कार्यालय परिसर में स्थान की सीमित उपलब्धता और सोशल डिस्टेंसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए साक्षात्कार 4 दिन के बजाय 7 दिनों में कराने का फैसला किया है।
पुनरीक्षित कार्यक्रम में प्रतिदिन 120 अभ्यर्थियों के स्थान पर केवल 60 अभ्यर्थियों का ही साक्षात्कार लिया जाएगा। आयोग ने पुनरीक्षित कार्यक्रम जारी कर दिया है। अग्निहोत्री ने बताया है 15 से 18 सितंबर तक तथा 21 व 22 सितंबर को प्रत्येक दिन 60 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होगा।
23 सितंबर को 36 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा। उन्होंने कहा है यदि कोई अभ्यर्थी कोविड-19 प्रोटोकॉल के अंतर्गत साक्षात्कार के लिए उपस्थित नहीं हो पा रहा है तो अपना प्रार्थनापत्र साक्ष्य व कारण सहित आयोग के ईमेल पर भेज सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों का साक्षात्कार अब 6 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगा।