लखनऊ। यूपी के अर्श मोहम्मद ने अपने जोड़ीदार छत्तीसगढ़ के सौरव साहू के साथ योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष युगल खिताब जीता। पुरुष एकल में तीसरी वरीय दिल्ली के गिनपॉल सोना और महिला एकल में तीसरी वरीय हरियाणा की जिया रावत ने खिताब पर कब्जा जमाया। इसके अलावा दिल्ली के भव्य छाबड़ा और उत्तराखंड की अदिति भट्ट की जोड़ी मिश्रित युगल वर्ग में चैंपियन बनीं।
यूपी बैडमिंटन अकादमी में 10 लाख रुपये की कुल इनामी राशि वाली प्रतियोगिता के पुरुष युगल के फाइनल में सातवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद व छत्तीसगढ़ के सौरव साहू ने कर्नाटक के सुमित एआर व आर्या टी को 15-7, 15-12 से हराया। अर्श और सौरव ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए सटीक शॉट और उम्दा सर्विस के दम पर पहला गेम 15-7 के अंतर से जीता।
दूसरे गेम में सुमित और आर्या ने वापसी की कोशिश में कुछ शानदार शॉट खेले, लेकिन अहम मौकों पर अर्श-सौरव की जोड़ी ने धैर्य बनाए रखा। 12-12 की बराबरी के बाद दोनों ने लगातार तीन अंक जुटाकर 15-12 से गेम जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। महिला एकल में तीसरी वरीय हरियाणा की जिया रावत ने चौथी वरीय छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी को 15-12, 12-15, 15-11 से हराकर खिताब जीता।
प्रतियोगिता के पुरुष एकल में तीसरी वरीय दिल्ली के गिनपॉल सोना चैंपियन बने, जिन्होंने दूसरी वरीय हरियाणा के रवि को 15-13, 15-9 से हराया। प्रतियोगिता के मिश्रित युगल फाइनल में दिल्ली के भव्य छाबड़ा व उत्तराखंड की अदिति भट्ट की क्वालीफायर जोड़ी ने तमिलनाडु के संजय श्रीवत्स डी व आद्या वरियानाथ को 15-13, 15-9 से हराया। इसके अलावा महिला युगल में चौथी वरीय उत्तराखंड की अदिति भट्ट व महाराष्ट्र की श्रवाणी वालेकर ने दूसरी वरीय केरल की नयना एस.ओएसिस व तमिलनाडु की वर्षिनी विश्वनाथ को 15-10, 15-8 से हराकर खिताब जीता।
समापन पर उप्र. बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास, अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. नवनीत सहगल ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, डॉ. आलोक सरन, अरुण कक्कड़, रवींद्र चौहान, गौरव खन्ना, योगेश शेट्टी समेत अन्य मौजूद रहे।